अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की जांच और अदालती कार्रवाई का विवरण देने के लिए देहरादून पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी।   

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच और न्यायिक कार्रवाई को लेकर गुरुवार को देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने मामले की जांच, साक्ष्य संकलन और अदालत की कार्रवाई से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में कार्यरत अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी सामने आने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

डॉ. मुरुगेशन ने बताया कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। निष्पक्ष, विस्तृत और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए डीआईजी रैंक की एक महिला आईपीएस अधिकारी को एसआईटी का प्रमुख नियुक्त किया गया।

जांच के दौरान एसआईटी ने डिजिटल, तकनीकी, फॉरेंसिक और भौतिक साक्ष्य सावधानीपूर्वक जुटाए। इसके साथ ही आरोपियों से विस्तृत पूछताछ, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयानों सहित सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच और विश्लेषण किया गया। पुलिस ने जांच प्रक्रिया को निर्धारित तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाया। एसआईटी ने महज 88 दिनों में जांच पूरी कर अदालत में लगभग 500 पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया।

अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने मामले में शीघ्र न्यायिक कार्रवाई और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। एसआईटी की ओर से जुटाए गए ठोस साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की प्रभावी दलीलों के आधार पर कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने 30 मई 2025 को तीनों आरोपियों पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी करार देते हुए कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

डॉ. मुरुगेशन के अनुसार, तीनों दोषी वर्तमान में जेल में बंद हैं और आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। पुलिस मुख्यालय में दी गई इस जानकारी में मामले की शुरुआत से लेकर जांच पूरी होने, आरोपपत्र दाखिल करने और अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने तक की प्रक्रिया का विवरण सामने रखा गया।A

Tags: