तस्वीर में सिद्धार्थनगर में एक पुलिसकर्मी दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन पर लगे आधुनिक उपकरण की जांच करते हुए नजर आ रहा है।

सिद्धार्थनगर में तेज गति से वाहन चलाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने व्यापक चेकिंग और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। यातायात निदेशालय द्वारा सिद्धार्थनगर पुलिस को उपलब्ध कराए गए 02 नवीन दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी यातायात राजकुमार सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में यह अभियान जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों पर आधुनिक उपकरणों से नजर रखी जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा गति सीमा का उल्लंघन करने वाले कुल 89 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में चालान और अन्य विधिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस, सिद्धार्थनगर ने आमजन और जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की जीवन सुरक्षा के लिए निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। साथ ही यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। ओवरस्पीडिंग के खिलाफ यह प्रवर्तन अभियान सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।