तस्वीर में धौलाना के औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री परिसर में आग लगने के बाद उठता काले धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दे रही हैं।

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के फेज-3 औद्योगिक इलाके में स्थित ‘सुख स्टील प्राइवेट लिमिटेड’ फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में फोम के गद्दे बनाने का काम भी होता था। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दिया।

जानकारी के मुताबिक, आग फैक्ट्री के शेड नंबर-3 में लगी, जहां भारी मात्रा में ईपीई पैकेजिंग फोम रखा हुआ था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



शुरुआती जानकारी के अनुसार, अग्निकांड में 3 कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे अन्य मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अजय शर्मा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को चारों तरफ से घेरकर उस पर काबू पाया।

समय रहते की गई कार्रवाई के चलते फैक्ट्री के बाकी 7 शेड और उनमें रखा सामान सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: