पति की मौजूदगी में प्रेमी संग सात फेरे: चंदौली तहसील परिसर में तीन बच्चों की मां की दूसरी शादी बनी चर्चा का केंद्र

चंदौली के सकलडीहा तहसील परिसर में तीन बच्चों की मां ने पहले पति की मौजूदगी में प्रेमी संग हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

Update: 2026-07-29 08:15 GMT

तस्वीर में (बाएं से दाएं) सिंदूर और वरमाला पहने महिला तथा उनके साथ वरमाला पहने उनका प्रेमी नजर आ रहे हैं।

सकलडीहा तहसील परिसर सोमवार को एक ऐसे घटनाक्रम का गवाह बना, जिसने पूरे जिले में चर्चा छेड़ दी। तीन बच्चों की मां ने अपने पहले पति की मौजूदगी में मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से अपने प्रेमी के साथ विवाह कर लिया। विवाह के दौरान तहसील परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए उत्सुक लोगों का तांता लगा रहा।

जानकारी के अनुसार महिला सकलडीहा क्षेत्र की रहने वाली है। विवाह के समय उसका पहला पति भी मौके पर मौजूद रहा। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिला और उसके प्रेमी ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और साथ निभाने का संकल्प लिया। इस अनोखे विवाह को देखने के लिए तहसील परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रही।

पहले पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का पिछले करीब दो वर्षों से दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी वजह से परिवार में लगातार विवाद होता रहा। दूसरी ओर महिला ने अपने पति पर मारपीट और घरेलू प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि लंबे समय से हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर उसने अलग जीवन जीने का फैसला किया।

वहीं प्रेमी का दावा है कि महिला से उसकी मुलाकात ट्रेन यात्रा के दौरान हुई थी। बातचीत से शुरू हुआ परिचय धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों ने सामाजिक रूप से साथ रहने का निर्णय लेते हुए मंदिर में विवाह कर लिया।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे विवाह का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद कर लीं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। पूरे दिन सकलडीहा और आसपास के इलाकों में इस विवाह की चर्चा होती रही, जबकि तहसील परिसर में हुई यह शादी लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बनी रही।

Tags:    

Similar News