अमेठी में घर में सो रहे 11 वर्षीय बालक की सांप के डसने से मौत, परिवार में मातम, प्रशासन ने शुरू की सहायता प्रक्रिया

अमेठी के पूरे रामदत्त वैष्णा गांव में घर में सो रहे 11 वर्षीय बालक की सांप के डसने से मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि प्रशासन ने सहायता प्रक्रिया के निर्देश दिए हैं।

Update: 2026-07-31 08:34 GMT

तस्वीर में अमेठी के पूरे रामदत्त वैष्णा गांव के एक घर के बाहर ग्रामीण और महिलाएं एक साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

अमेठी कोतवाली क्षेत्र के पूरे रामदत्त वैष्णा गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में घर के भीतर सो रहे 11 वर्षीय बालक की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पूरे रामदत्त वैष्णा गांव निवासी जीतलाल का 11 वर्षीय पुत्र राज अपने घर में बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद बालक की चीख सुनकर परिजन जाग गए। उन्होंने देखा कि राज को सांप ने काट लिया है। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेंटुआ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि मृतक के पिता जीतलाल रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना उन्हें दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई। उपजिलाधिकारी पंकज मिश्र ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। मासूम की असमय मौत से पूरे रामदत्त वैष्णा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Tags:    

Similar News