टीएचआर फीडिंग में लापरवाही पर 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम नोटिस, मानदेय रोकने की चेतावनी
एटा के अलीगंज में टीएचआर फीडिंग में लापरवाही पर 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम नोटिस, दो दिन में कार्य नहीं हुआ तो रुकेगा मानदेय।
तस्वीर में अलीगंज स्थित एक सभागार में बैठक के दौरान कुर्सियों पर बैठीं आंगनबाड़ी महिलाएं और मंच पर मौजूद अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।
बाल विकास परियोजना अलीगंज में पोषण ट्रैकर ऐप पर टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण की फीडिंग में लगातार लापरवाही बरतने पर 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कुसुमा देवी ने संबंधित कार्यकर्ताओं को अंतिम चेतावनी पत्र जारी करते हुए दो कार्य दिवस के भीतर टीएचआर वितरण की शत-प्रतिशत फीडिंग और फेस कैप्चरिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर मानदेय रोकने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
अलीगंज (एटा) में जारी अंतिम चेतावनी पत्र में सीडीपीओ कुसुमा देवी ने बताया कि परियोजना स्तर एवं कार्यालय की ओर से कई बार दूरभाष, व्हाट्सएप तथा अन्य माध्यमों से संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए सचेत किया जा चुका है। इसके बावजूद पोषण ट्रैकर ऐप पर टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण की फीडिंग नियमित रूप से नहीं की जा रही है।
विभागीय निर्देशों के अनुसार एनएफएसए के माध्यम से राशन प्राप्त होने के बाद उसका वितरण लाभार्थियों को कराकर पोषण ट्रैकर ऐप पर फेस कैप्चरिंग के माध्यम से तत्काल फीडिंग करना अनिवार्य है। इसके बावजूद संबंधित कार्यकर्ताओं द्वारा ई-केवाईसी एवं फेस कैप्चरिंग के माध्यम से टीएचआर वितरण दर्ज नहीं किया जा रहा है।
सीडीपीओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि इस लापरवाही से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और शासन की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसे विभागीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए अंतिम चेतावनी जारी की गई है।
इन 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जारी हुआ अंतिम चेतावनी पत्र
मोहल्ला कांशीराम उपकेंद्र – संध्या गुप्ता
मोहल्ला मलियान (वार्ड-5) – रंजना दुबे
गाड़िया जगन्नाथ – ऊषा देवी
नगला रेवती – राधा देवी
बंधा – किरण
गड़ी ककोड़ा – शकुंतला
नगला धनु – संजो देवी
फुलकिया गंज – रीना देवी
चमन नगरिया – प्रतीक्षा
कैल्ठा – कमलेश
सीडीपीओ कुसुमा देवी ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम चेतावनी है। यदि दो कार्य दिवस के भीतर पोषण ट्रैकर ऐप पर टीएचआर की शत-प्रतिशत फीडिंग एवं फेस कैप्चरिंग का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय रोकने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की स्वयं होगी।
विभाग ने सभी संबंधित कार्यकर्ताओं को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में लंबित फीडिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और पोषण ट्रैकर ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट सुनिश्चित किया जा सके।