डीडीयू जंक्शन पर 13.33 लाख रुपये बरामद, नकदी का हिसाब नहीं दे सके दो यात्री

डीडीयू जंक्शन पर चेकिंग के दौरान दो यात्रियों से 13.33 लाख रुपये नकद मिले, दस्तावेज नहीं मिलने पर आयकर विभाग ने जांच शुरू की।

Update: 2026-07-25 14:36 GMT

तस्वीर में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी पकड़े गए दो संदिग्ध व्यक्तियों और मेज पर रखी भारी मात्रा में नकदी तथा नीले बैग के साथ खड़े हैं।

चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दो यात्रियों के पास से 13 लाख 33 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। नकदी के संबंध में दोनों यात्री कोई संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद मामले की सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में संयुक्त टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम को दो संदिग्ध यात्रियों पर संदेह हुआ। उनके बैग की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान वारिस पुत्र कतलुआ (37) और हाफ फहीम पुत्र कल्लुआ (45), निवासी सिरसलेड़ा, थाना मुंडापांडा, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई। दोनों से बरामद नकदी के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके।

इसके बाद जीआरपी ने मामले की जानकारी आयकर विभाग, वाराणसी को दी। सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद 13 लाख 33 हजार 500 रुपये नकद को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त चेकिंग में इतनी बड़ी नकदी बरामद होने से जंक्शन पर मौजूद यात्रियों में भी हलचल रही। अब आयकर विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद धनराशि का स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

Tags:    

Similar News