मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अंडा खाकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की ट्रक से कुचलकर मौत
मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र में अंडा खाकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर घायल हुए और भदोही के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात सड़क हादसे में पैदल घर जा रहे चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मिर्जापुर-औराई मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया।
चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुनील यादव पुत्र मिश्रीलाल मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अपने 05 वर्षीय भतीजे अंकित पुत्र श्याम नारायण के साथ सागरपुर स्थित एक दुकान से अंडा खाकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्जापुर-औराई मार्ग पर मिर्जापुर की ओर से औराई की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर टेढ़वा चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी थी। चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सुनील यादव और उनके 05 वर्षीय भतीजे अंकित की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर से सागरपुर गांव और परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।