खुर्जा संपत्ति विवाद आत्महत्या का प्रयास पुलिस सुरक्षा
खुर्जा में संपत्ति विवाद से आहत महिला ने बच्चे के साथ आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने बचा लिया।
तस्वीर में दिख रही महिला पुलिसकर्मी खुर्जा के हीरा पोटरी शोरूम में संपत्ति विवाद के दौरान बच्चे के साथ आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को बचाते हुए।
खुर्जा। कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित हीरा पोटरी शोरूम पर सोमवार को संपत्ति विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पति की मौत के बाद अपने बच्चों के साथ शोरूम पहुंची एक महिला ने संपत्ति में हिस्से की मांग को लेकर हंगामा किया। इसी दौरान कथित प्रताड़ना से आहत महिला ने गोद में मासूम बच्चे को लेकर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और मां-बच्चे की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हामिद बेग की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी अपने मासूम बच्चों के साथ जीटी रोड स्थित हीरा पोटरी शोरूम पहुंची थी। महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से अपने बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संपत्ति में अपने हिस्से की मांग कर रही थी। इसी मांग को लेकर वहां मौजूद उसके देवर ने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी की। महिला का आरोप है कि इस व्यवहार से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
घटना के दौरान महिला को पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने की कोशिश करते देख मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिसकर्मियों ने महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर अपने कब्जे में ले ली और उसे ऐसा करने से रोका। उनकी सूझबूझ और तत्परता के चलते महिला और उसके मासूम बच्चे की जान बच गई। घटना के बाद शोरूम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली खुर्जा नगर प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और महिला तथा उसके देवर को पूछताछ के लिए थाने ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। संपत्ति में हिस्से को लेकर चल रहे विवाद और महिला द्वारा लगाए गए प्रताड़ना एवं बदसलूकी के आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।