कन्नौज: कूड़ा निस्तारण केंद्र में मिला भूसा, शराब की बोतलों से अराजकतत्वों के अड्डे का खुलासा

कन्नौज के आरआरसी सेंटर में कूड़े की जगह भूसा और शराब की बोतलें मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग, जानें पूरा मामला।

Update: 2026-07-25 12:24 GMT

तस्वीर में दिख रही दीवार पर प्लास्टिक और लोहा अपशिष्ट लिखा है, जहां कचरे की जगह बोरियों में भूसा रखा हुआ है।

कन्नौज के उमर्दा विकास खंड की सिकरोरी ग्रामसभा स्थित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) की बदहाल व्यवस्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में कूड़ा निस्तारण केंद्र के भीतर कूड़े की जगह भूसा भरा दिखाई दे रहा है, जिसने केंद्र के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में यह भी सामने आया कि परिसर में शराब की खाली बोतलें भी पड़ी मिलीं। इस दृश्य के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने केंद्र पर अराजकतत्वों के कब्जे और असामाजिक गतिविधियों का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस केंद्र का उद्देश्य कूड़ा निस्तारण होना चाहिए, वह अब असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केंद्र बन गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया और मामले की जांच व कार्रवाई की मांग उठाई। इस पूरे प्रकरण पर ग्राम सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

वायरल वीडियो के बाद ग्राम पंचायत की व्यवस्थाओं और आरआरसी सेंटर के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीण अब जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं। यह घटना ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की निगरानी व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

Tags:    

Similar News