हसनपुर रामलीला में ताड़का वध का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पंडाल
हसनपुर नगर में श्री शिव महामंडल रामलीला समिति के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन शुरू हो गया है, जिसमें वृंदावन के कलाकारों ने ताड़का वध और अहिल्या उद्धार जैसी लीलाओं का सजीव मंचन किया।
हसनपुर नगर में रामलीला पंडाल के बाहर आरती और मंचन स्थल पर पहुंचे श्रद्धालु।
हसनपुर नगर में श्री शिव महामंडल रामलीला समिति के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया जा रहा है। सोमवार को रामलीला का शुभारंभ राजीव अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी ने प्रभु श्रीराम की आरती कर किया। आरती के बाद पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
देर रात वृंदावन से आए प्रसिद्ध कलाकारों ने विभिन्न लीलाओं का सजीव मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लीला की शुरुआत महाराजा दशरथ के दरबार से हुई। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र का राजा दशरथ के दरबार में पहुंचना और राम-लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने के लिए मांगना, महर्षि विश्वामित्र द्वारा यज्ञ करना तथा ताड़का वध की लीला का मंचन किया गया।
प्रभु श्रीराम द्वारा ताड़का का वध करते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। वृंदावन से आए कलाकारों के अभिनय और संवादों ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। इसके बाद मारीच-सुबाहु वध और अहिल्या उद्धार की लीलाओं का भी अत्यंत मनोरम मंचन किया गया।
रामलीला मंचन के दौरान हास्य कलाकार ने अपने तीखे और हास्यपूर्ण संवादों से दर्शकों को खूब हंसाया और भावुक भी किया। कलाकारों की प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु देर रात तक लीला का आनंद लेते रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात को किया जाएगा। इसमें वृंदावन के कलाकार प्रभु श्रीराम के जीवन की सभी प्रमुख लीलाओं का मंचन करेंगे। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पंडाल में पहुंचे।
इस मौके पर राकेश अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, योगेंद्र शर्मा, गिरधारी लाल सैनी, जयपाल सैनी, लोकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल और अर्जुन यादव आदि मौजूद रहे।