स्मृति ईरानी के गौरीगंज आवास का बदला नाम, ‘माधव भवन’ का लगा नया बोर्ड
अमेठी में पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के गौरीगंज स्थित आवास का नाम बदलकर 'माधव भवन' कर दिया गया है, जहां 14 अक्टूबर को उनके दौरे की तैयारी है।
गौरीगंज स्थित स्मृति ईरानी के आवास के बाहर नया ‘माधव भवन’ नाम का बोर्ड लगाया गया है, जिसका नामकरण उनके आगामी 14 अक्टूबर के प्रस्तावित दौरे से पहले किया गया है।
अमेठी में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के गौरीगंज स्थित आवास का नाम बदलकर ‘माधव भवन’ कर दिया गया है। आवास के बाहर नए नाम का बोर्ड लगा दिया गया है। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम भी शुरू हो गया है। उनके 14 अक्टूबर को प्रस्तावित अमेठी दौरे से पहले आवास को नया रूप देने की तैयारियां चल रही हैं।
गौरीगंज क्षेत्र के मेदन मवई में स्थित स्मृति ईरानी के आवास का नाम बदले जाने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। आवास के बाहर नया बोर्ड लगाए जाने के साथ ही परिसर को व्यवस्थित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके अमेठी स्थित आवास को नया रूप देने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि स्मृति ईरानी 14 अक्टूबर को अमेठी के दौरे पर आएंगी। इस दौरान उनके अपने आवास पर पहुंचने की भी संभावना है, हालांकि आवास पर जाने के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले अमेठी की राजनीति में स्मृति ईरानी की सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में हार के बाद इसे उनका चौथा अमेठी दौरा बताया जा रहा है। उनके आगमन की संभावनाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, स्मृति ईरानी 14 अक्टूबर को अमेठी में कई कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं। इस दौरान गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने से जुड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उनकी मौजूदगी की भी चर्चा है। इसके अलावा वह स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सकती हैं।
स्मृति ईरानी अमेठी से सांसद रह चुकी हैं। लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद उनका अमेठी से जुड़ाव बना हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके आगामी दौरे और राजनीतिक गतिविधियों पर जिले के लोगों की नजरें टिकी हैं। ऐसे में गौरीगंज स्थित आवास का नाम बदलकर ‘माधव भवन’ किया जाना और परिसर में चल रही तैयारियां उनके प्रस्तावित दौरे से पहले चर्चा का विषय बनी हुई हैं।