तस्वीर में एक गली की सड़क पर बंदरों का झुंड बैठा हुआ दिख रहा है।

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 37 स्थित मोहल्ला शक्तिनगर में बंदरों के बढ़ते आतंक से लोग दहशत में हैं। सड़कों और गलियों से लेकर मकानों की छतों तक बंदरों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। स्थिति यह है कि डर के कारण स्थानीय निवासियों ने घरों से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है।

मोहल्ला शक्तिनगर के लोगों के अनुसार, बंदरों के झुंड हर समय सड़कों और गलियों में डेरा डाले रहते हैं। घर से बाहर निकलने वाले लोगों को देखकर बंदर हमलावर हो जाते हैं। ऐसे में जरूरी घरेलू सामान लेने और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए भी लोगों को कई बार सोचना पड़ रहा है। बंदरों के आतंक के चलते पूरा इलाका खौफ के माहौल में है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बंदर कई महिलाओं और मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुके हैं। छतों पर कपड़े सुखाने जाने वाली महिलाओं और गलियों में खेलने वाले बच्चों को बंदर सबसे ज्यादा निशाना बना रहे हैं। लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ गई है।

हालात बिगड़ने के बाद मोहल्ला निवासियों में हापुड़ नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी है। लोगों ने नगर पालिका के आला अधिकारियों से तत्काल समस्या का संज्ञान लेकर इलाके में विशेष अभियान चलाने और खूंखार बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बंदरों के आतंक से राहत नहीं मिली तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।

Tags: