हापुड़: गणेश विसर्जन को लेकर अलर्ट पर पुलिस, ASP ने लिया सुरक्षा का जायजा
ग्राम अठसैनी नहर पर घाटों और बैरिकेडिंग का निरीक्षण कर पुलिसबल को गहरे पानी की ओर जाने वाले रास्तों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
गढ़मुक्तेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिसकर्मी।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। जनपद हापुड़ में गणेश विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) हापुड़ ने थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम अठसैनी स्थित नहर विसर्जन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाटों की स्थिति का जायजा लिया। विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, गहरे पानी की तरफ जाने वाले रास्तों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
गणेश विसर्जन को देखते हुए विसर्जन मार्ग और घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही विसर्जन के समय यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए रूट प्लान को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गणेश विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखें और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों का उद्देश्य विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।