तस्वीर में हापुड़ सभागार कक्ष में बैठक करते अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि दिख रहे हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) :- मेरठ खंड शिक्षक और खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया जारी है। पात्र मतदाता निर्धारित फॉर्म भरकर सूची में नाम जुड़वाने, प्रविष्टियों में संशोधन कराने या नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

अंतिम रूप से प्रकाशित सूची के अनुसार, मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 8 मतदान केंद्र और 23 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 4,247 मतदाताओं के नाम प्रकाशित किए गए हैं। वहीं, मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 6 मतदान केंद्र और 6 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। यहां कुल 2,906 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हैं।

पात्र नागरिक और मतदाता मतदाता सूची का अवलोकन अपने संबंधित उपजिलाधिकारी (SDM) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के तहसील स्थित कार्यालय के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय, हापुड़ में कर सकते हैं।

यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है या मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित तहसील या विकास खंड (Block) कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नाम बढ़ाने के लिए फॉर्म-18 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नाम बढ़ाने के लिए फॉर्म-19 निर्धारित है। प्रविष्टि में सुधार या संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा नाम विलोपन या अपमार्जन के लिए फॉर्म-7 जमा किया जा सकता है।

सभी निर्धारित फॉर्म जिला निर्वाचन कार्यालय, विकास भवन के पास, हापुड़ और संबंधित तहसीलों में बनाए गए मतदाता पंजीकरण केंद्रों (Voter Registration Centers) पर मुफ्त उपलब्ध हैं।

मतदाता सूची के निरंतर पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर 22 सितंबर 2026 को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संदीप कुमार ने बताया कि बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विधान परिषद निर्वाचन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र मतदाताओं को जागरूक करने का सुझाव दिया।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित और पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहयोग करें। निरंतर अद्यतन की यह प्रक्रिया पात्र मतदाताओं के नाम, प्रविष्टियों और विलोपन से संबंधित दावों एवं संशोधनों को दर्ज कराने का अवसर प्रदान कर रही है।

Tags: