तस्वीर में हापुड़ में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।   

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जितेन्द्र (30) और उनकी पत्नी शशि (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से रहमतपुर जखैड़ा गांव में शोक छा गया।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रहमतपुर जखैड़ा निवासी जितेन्द्र शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपनी पत्नी शशि के साथ मोटरसाइकिल संख्या DL3SAB8904 पर सवार होकर जा रहे थे। जब वे गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर बहादुरगढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), गढ़मुक्तेश्वर पहुंचाया।

दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेरठ में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर रहमतपुर जखैड़ा गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Tags: