हापुड़: कपिल देव अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि
व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री ने अंत्योदय सिद्धांत का उल्लेख कर कहा कि केंद्र और यूपी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही हैं।
हापुड़ नगर पालिका परिषद परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते मंत्री कपिल देव अग्रवाल।
हापुड़ में राष्ट्रीय विचारक और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और अंत्योदय के सिद्धांत को याद करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शानदार पत्रकार, साहित्यकार और लेखक थे। उन्होंने देश को ‘अंत्योदय’ का मूल मंत्र दिया, जिसका अर्थ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं और विकास का लाभ पहुंचाना है।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में कपिल देव अग्रवाल ने कहा, “आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडित जी के इसी सपने को साकार कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियां सीधे गरीब और वंचित वर्ग तक पहुंच रही हैं। चाहे उज्ज्वला योजना हो, प्रधानमंत्री आवास योजना हो, जनधन बैंक खाते हों या हर घर बिजली पहुंचाने का काम हो—सरकार ने बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है।”
देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि आज भारत की जीडीपी (GDP) दुनिया में मजबूत स्थिति में है और जल्द ही भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करती है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष पुनीत गोयल, मंडल अध्यक्ष सुनील वर्मा, विवेक गर्ग, राजेश सक्सेना, गगन बाटला, अमित शर्मा, अमरदीप चौधरी, उमेश त्यागी, सुयश वशिष्ठ समेत भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।