उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रोटावेटर की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि रोटावेटर में फंसने से युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना अलीगंज थाना क्षेत्र के हिरदेपुर गांव की है। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन खेत में पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोटावेटर में फंसे शव के टुकड़ों को एकत्र कर कब्जे में लिया। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतक की पहचान हिरदेपुर निवासी हरिसिंह के 23 वर्षीय बेटे करण सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करण सिंह अपने ही गांव के विशंभर पुत्र दीनदयाल का करीबी दोस्त था और उनके साथ काम करता था। शुक्रवार को देर शाम करीब 7 बजे विशंभर उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

इस घटना को लेकर मृतक के पिता हरिसिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि विशंभर उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गया था और रोटावेटर से काटकर उसकी हत्या कर दी। पिता ने यह भी बताया कि उनका बेटा ट्रैक्टर चलाना नहीं जानता था। उन्होंने घटना का समय शुक्रवार शाम करीब 8 बजे बताया और कहा कि उन्हें सूचना देरी से मिली। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो खेत में बेटे का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था।

हरिसिंह ने ट्रैक्टर मालिक विशंभर, पुत्र दीनदयाल, निवासी हिरदेपुर पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने शव के टुकड़ों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

बताया गया कि करण सिंह की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। वह खेतीबाड़ी और मजदूरी का काम करता था। रोटावेटर से हुई इस दर्दनाक मौत के बाद जहां परिवार में मातम पसरा है, वहीं पिता के हत्या के आरोपों के चलते पुलिस जांच में घटना की परिस्थितियां अहम बनी हुई हैं।

Tags: