अलीगंज सीएचसी में निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद और अधिकारी नजर आ रहे हैं।

सीएचसी अलीगंज में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने एसीएमओ की टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक समेत पांच कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। उपस्थिति रजिस्टर में लगातार कई दिनों की गैरहाजिरी सामने आने पर सीएमओ ने सभी पांच कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं, आशा संगिनियों से कथित वसूली के मामले में पहले ही बर्खास्त की जा चुकीं सात आशा संगिनियों को दोबारा तलब कर उनके बयान दर्ज किए गए। देर शाम तक चली इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची रही।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उपस्थिति रजिस्टर का बारीकी से सत्यापन किया। इसमें डॉ. रोहित यादव 10 से 13 नवंबर तक, एसटीएस सुधीर 11 से 13 नवंबर तक, लैब टेक्नीशियन रविंद्र सिंह 13 नवंबर को, स्टाफ नर्स निशा 10 से 13 नवंबर तक और सत्यम 10 से 13 नवंबर तक अनुपस्थित पाए गए। लगातार कई दिनों तक ड्यूटी से गायब रहने का मामला सामने आने पर सीएमओ ने एमओआईसी को संबंधित पांचों कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्धारित तरीके से निर्वहन करें।

सीएचसी अलीगंज में आशा संगिनियों से कथित वसूली का मामला भी प्रशासन की जांच के दायरे में है। यह प्रकरण 17 अक्टूबर को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सामने आया था। उस दिन आशा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर तत्कालीन जिलाधिकारी एम. अरनमौली के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रत्येक आशा संगिनी से प्रतिमाह दो हजार रुपये की वसूली की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सीएमओ को जांच के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के आदेश के बाद सीएमओ ने करीब दस दिनों तक मामले की जांच की। इस दौरान संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए गए और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर 27 अक्टूबर को सीएमओ ने सात आशा संगिनियों को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए थे। इस कार्रवाई के बाद से ही वसूली का मामला स्वास्थ्य विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ था।

बर्खास्तगी के बाद शुक्रवार देर शाम एक बार फिर सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद एसीएमओ की टीम के साथ सीएचसी अलीगंज पहुंचे। यहां पहले बर्खास्त की जा चुकीं सातों आशा संगिनियों को एक-एक कर बुलाया गया और उनके बयान दर्ज किए गए। जांच टीम ने पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों को दोबारा सुना और संबंधित पक्षों के बयान लिए।

इस दौरान सीएचसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति का भी सत्यापन किया गया। निरीक्षण में पांच कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए, जबकि कथित वसूली के मामले में सात बर्खास्त आशा संगिनियों के दोबारा बयान दर्ज किए गए। एक ही कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति और आशा संगिनियों से जुड़े पुराने प्रकरण की दोबारा जांच ने सीएचसी अलीगंज की कार्यप्रणाली को फिर प्रशासनिक जांच के केंद्र में ला दिया है।

Tags: