चंदौली पुलिस ने 111 लोगों को लौटाए 35.20 लाख के खोए मोबाइल, CEIR पोर्टल से बड़ी सफलता
चंदौली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में CEIR पोर्टल और तकनीकी सहायता से 111 खोए मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कीमत 35.20 लाख रुपये बताई गई है। जानिए अभियान की पूरी कार्रवाई और पुलिस की महत्वपूर्ण अपील।
तस्वीर में चंदौली पुलिस का एक अधिकारी हॉल के अंदर एक नागरिक को उसका खोया हुआ मोबाइल फोन सौंपते हुए नजर आ रहा है, जबकि पास में अन्य लोग खड़े हैं।
चंदौली। जनपद चंदौली पुलिस ने तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल की मदद से 111 गुमशुदा एवं खोए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस विभाग के अनुसार बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 35.20 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट/सर्विलांस टीम और जनपद के विभिन्न थानों द्वारा चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मंगलवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की मौजूदगी में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस के अनुसार जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और CEIR पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। इस अभियान में सकलडीहा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 31 मोबाइल बरामद हुए, जबकि मुगलसराय से 13 और चंदौली कोतवाली से 12 मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस विभाग ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 418 खोए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 1.21 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस थाना, सीएससी केंद्र अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क करें, ताकि समय रहते मोबाइल ट्रेस कर उन्हें वापस दिलाया जा सके।