चंदौली में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मामला दहेज हत्या तक पहुंच गया। पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष अब आगे की कार्रवाई तय करेंगे।
तस्वीर में रोशनी नजर आ रही हैं, जिनकी चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोबाइल पर इंस्टाग्राम देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद विवाहिता ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद की 32 वर्षीय पुत्री रोशनी की शादी करीब तीन वर्ष पहले कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार के साथ हुई थी। दंपती का 11 माह का एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात मोबाइल पर इंस्टाग्राम देखने को लेकर रोशनी और उसके पति के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रोशनी ने घर में फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गगन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।