बहराइच में धान काट रही महिला को सांप ने डसा, झाड़-फूंक के बाद अस्पताल में मौत
बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में धान काट रही महिला को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाने में देरी के कारण इलाज के दौरान हुई मौत
बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र स्थित सम्मनपुरवा गांव में घटना की जांच के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण।
बहराइच में खेत में धान की कटाई कर रही 45 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में जुटे रहे। हालत बिगड़ने पर महिला को शिवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां शनिवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति पहलाद समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामला बहराइच जनपद के खैरीघाट थाना क्षेत्र के सम्मनपुरवा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रेखा देवी (45), पत्नी पहलाद, बीते 4 सितंबर को खेत में धान की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजन रेखा देवी को बचाने के लिए झाड़-फूंक कराने लगे। इस दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उन्हें शिवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
शनिवार तड़के करीब दो बजे उपचार के दौरान रेखा देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार की महिला सदस्य की अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। पति पहलाद समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मुकुट नाथ चौधरी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धान की कटाई के दौरान खेतों में सांप निकलने का खतरा बना रहता है, ऐसे में किसानों और ग्रामीणों को काम करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर चिकित्सा उपचार मिलने से पीड़ित की जान बचने की संभावना बढ़ जाती है।