पुरानी रंजिश में फिर खूनी संघर्ष, निर्माणाधीन स्कूल में लाठी-डंडों से हमला; एक घायल
अलीगंज में पुरानी रंजिश के चलते लगातार दूसरे दिन मारपीट, निर्माणाधीन स्कूल में हमले से घायल व्यक्ति के आरोपों की जांच जारी।
तस्वीर में निर्माणाधीन स्कूल परिसर में मौजूद लोग दिखाई दे रहे हैं, जहां पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अलीगंज और नयागांव थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर लगातार दूसरे दिन हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। गुरुवार शाम अमरोली रोड पर बाइक सवार दो युवकों के साथ मारपीट के बाद शुक्रवार सुबह ग्राम कूड़ा स्थित निर्माणाधीन एस इंटरनेशनल स्कूल में लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
गुरुवार शाम अलीगंज थाना क्षेत्र के अमरोली रोड पर ग्राम कूड़ा निवासी अमित यादव पुत्र राकेश सिंह और विक्रांत सिंह पुत्र ध्रुवजीत सिंह के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। घायल दोनों युवकों ने ग्राम प्रधान उपेंद्र यादव और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया था। घटना के बाद कोतवाली अलीगंज पुलिस ने ग्राम प्रधान उपेंद्र यादव का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया था।
इसी विवाद की कड़ी में शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम कूड़ा स्थित निर्माणाधीन एस इंटरनेशनल स्कूल में फिर विवाद हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती सत्येंद्र यादव पुत्र राजवीर सिंह (52 वर्ष) ने आरोप लगाया कि वह स्कूल परिसर में मौजूद थे, तभी प्रदीप पुत्र पंजाब सिंह, विक्रांत पुत्र ध्रुवजीत सिंह और हरदौल पुत्र ध्रुवजीत सिंह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे।
सत्येंद्र यादव के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 और थाना नयागांव पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल सत्येंद्र यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया।
घायल सत्येंद्र यादव ने आरोप लगाया कि अभी तक थाना नयागांव पुलिस ने उनका मेडिकल भी नहीं कराया है।
पुलिस बोली—पुरानी रंजिश से जुड़ा है मामला, जांच के बाद होगी कार्रवाई
थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के लिए हल्का प्रभारी को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।