आगरा के जयपुर हाउस में शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, बंद नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आगरा के जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर में शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। दुकान बंद नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
तस्वीर में आगरा के आलोक नगर में शराब की दुकान के बाहर पोस्टर हाथ में लेकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करतीं स्थानीय महिलाएं दिख रही हैं।
आगरा शहर के जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर में शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा पार्षद रेनू गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं शराब की दुकान के बाहर एकत्र हुईं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान बंद कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान के बाहर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। उनका कहना है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करते हैं, जिसके कारण स्थानीय परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी शराब की दुकान को बंद कराने की पहल कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान को बंद नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने अथवा बंद कराने की मांग की है। यह विरोध प्रदर्शन क्षेत्र में लंबे समय से उठ रही मांग को लेकर प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ाने वाला माना जा रहा है।