तेज बारिश में बीसीएमओ कार्यालय का जर्जर छज्जा भरभराकर गिरा, सड़क किनारे खड़ी kia कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
खेरवाड़ा में तेज बारिश के दौरान बीसीएमओ कार्यालय का जर्जर छज्जा गिरने से सड़क किनारे खड़ी kia कार क्षतिग्रस्त हो गई। प्रशासन पहले ही भवन को जर्जर घोषित कर चुका था।
तस्वीर में एक जर्जर सरकारी भवन का टूटा हुआ हिस्सा और पास में मलबे की चपेट में आई एक क्षतिग्रस्त कार की छत दिखाई दे रही है।
खेरवाड़ा में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे हुई तेज बारिश के दौरान ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय के जर्जर भवन का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जा गिरने से कार्यालय के बाहर सड़क किनारे खड़ी एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, करीब 2 फीट चौड़ा और 10 से 15 फीट लंबा छज्जा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से खेरवाड़ा निवासी हर्षित कोठारी की kia कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार की छत, रूफ टॉप, साइड के शीशे, दरवाजों सहित अन्य हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा। वाहन मालिक हर्षित कोठारी ने बताया कि उनकी कार को लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि कार खरीदे हुए अभी एक वर्ष ही पूरा हुआ था।
घटना के समय कार्यालय परिसर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। शनिवार का अवकाश होने के कारण ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भी बंद था, जिससे कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ।
बीसीएमओ डॉ. अरुण मीणा ने बताया कि कार्यालय भवन काफी जर्जर हो चुका है। भवन को ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को पूर्व में पत्र भी भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि भवन को जर्जर घोषित किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि यह भवन लगभग 20 से 25 वर्ष पूर्व निर्मित हुआ था।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने जर्जर सरकारी भवनों की शीघ्र मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।