पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी, महुदरा माइंस में लगाए गए 51 पौधे
खेरवाड़ा की महुदरा माइंस में पर्यावरण संरक्षण के लिए 51 पौधे लगाए गए। उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने पौधों की रक्षा का संकल्प दिलाया।
तस्वीर में महुदरा माइंस परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल और अन्य अतिथि व ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर मंगलवार को खनिज विभाग एवं शॉप स्टोन माइंस ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में समीपवर्ती महुदरा माइंस परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 51 पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने पौधारोपण के बाद उपस्थित व्यापारियों एवं ग्रामवासियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने और उनकी रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण की रक्षा मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अनावृष्टि एवं अतिवृष्टि की स्थिति का मुकाबला करने के लिए पेड़ लगाना और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाना चाहिए। साथ ही जन्मदिन, शादी की सालगिरह सहित शुभ प्रसंगों पर पौधे लगाकर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
समारोह की अध्यक्षता सहायक खनिज अभियंता दिलीप कुमार सुथार ने की। विशिष्ट अतिथि संयुक्त व्यापार महासंघ संस्थान के अध्यक्ष अमित कलाल, संरक्षक पारस जैन एवं महामंत्री नरेंद्र पंचोली रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में माइंस ओनर्स एसोसिएशन के हिमांशु कुमावत एवं प्रेमचंद कलाल ने अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी बंधवाकर तथा ऊपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
इस दौरान रवि कुमार दवे, खान कार्यदेशक, व्यापार महासंघ के मंत्री नरेंद्र मुडलीया, वरिष्ठ व्यवसायी राजेंद्र कुमार कोठारी, रमेश चंद्र जोधावत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमचंद कलाल ने किया तथा आभार हिमांशु कुमावत ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने माइंस परिसर में नीम, जामुन, आम, अमरूद, पीपल, गुलमोहर आदि के 51 पौधे लगाए। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ उनकी रक्षा का संकल्प भी लिया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।