कटेवड़ी के पास कार-मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल

खेरवाड़ा-रानी छानी मार्ग पर कटेवड़ी के पास कार और बाइक की टक्कर में एक परिवार के तीन लोग घायल, पुलिस ने जांच शुरू की।

Update: 2026-08-03 09:52 GMT

तस्वीर में खेरवाड़ा में दुर्घटनाग्रस्त हुई सफेद रंग की कार और सड़क किनारे पड़ी मोटरसाइकिल दिखाई दे रही है।

खेरवाड़ा-रानी छानी मार्ग पर रविवार शाम करीब 4 बजे कटेवड़ी के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर कार (आरजे 27 सीएच 8581) और मोटरसाइकिल (आरजे 27 बीआर 5512) दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली।

हादसे में मोटरसाइकिल चालक प्रकाश पुत्र केवाराम मीणा (40), उनकी पत्नी सूरज देवी (38) तथा पुत्री शिल्पा (12), निवासी कागदर, थाना ऋषभदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबीजीएच) उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News