तस्वीर में पहाड़ा पुलिस थाने के बाहर जब्त की गई पावर बाइक और पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।   

खेरवाड़ा क्षेत्र में सड़क पर पावर बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 चालकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान स्टंट में प्रयुक्त 11 पावर बाइक भी जब्त की गई हैं।

यह कार्रवाई उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के हाल ही में खेरवाड़ा दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों की पालना में की गई। पुलिस उपाधीक्षक ऋषभदेव अर्जुन सिंह राठौड के निर्देशन में पहाड़ा थाना अधिकारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में पावर बाइक पर स्टंट करने वाले बाइक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कालू लाल सहित पुलिस जाब्ता शामिल रहा। पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए स्टंट में प्रयुक्त 11 पावर बाइक जब्त की और 11 बाइक चालकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर स्टंट करने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और आमजन की सुरक्षा प्रभावित होती है। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Tags: