खेरवाड़ा। वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा JEEVAN (जॉइंट एल्डरली इम्पारमेंट एंड वर्चुअल अस्सिटेंस नेटवर्क) एप चलाया जा रहा है। इस एप के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आपात सहायता, वरिष्ठ नागरिक गृह और सहायता केंद्रों से संबंधित जानकारी मिल सकती है।

एप में आसान नेविगेशन की सुविधा दी गई है और वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखते हुए इसकी सुविधाएं तैयार की गई हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि एप में 24 घंटे सातों दिन इमरजेंसी सहायता बटन उपलब्ध है। इसके साथ ही सभी सरकारी योजनाओं के विस्तृत ब्यौरे के साथ नजदीकी वृद्धाश्रम की लोकेशन और उससे संबंधित जानकारी भी एप पर आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

JEEVAN एप का इस्तेमाल करने के लिए वरिष्ठ नागरिक अपने स्मार्टफोन के एप स्टोर पर जाकर “JEEVAN APP” डाउनलोड कर सकते हैं। एप में बटन और फॉन्ट बड़े रखे गए हैं, ताकि इसे बिना चश्मे के भी आसानी से चलाया जा सके।

भाजपा नेता पारस जैन ने बताया कि यदि वरिष्ठ नागरिकों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार, भेदभाव, शोषण या अन्य मानवाधिकार उल्लंघन हो रहा है तो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की जा सकती है। इसके लिए आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 14433 है। शिकायत करने के बाद शिकायत नंबर सुरक्षित रखना चाहिए। शिकायत ऑनलाइन भी दर्ज की जा सकती है और उसकी स्थिति भी देखी जा सकती है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकारी योजनाओं, आपात सहायता, सहायता केंद्रों और शिकायत की सुविधा एक ही एप पर उपलब्ध होने से JEEVAN एप उनके लिए उपयोगी डिजिटल माध्यम के रूप में सामने आया है।

Tags: