रतनपुर बॉर्डर पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, 221 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर के रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने 221 कार्टन हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की। करीब 30 लाख रुपये की शराब के साथ आरोपी कालूसिंह गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी।
तस्वीर में डूंगरपुर के रतनपुर बॉर्डर स्थित पुलिस चौकी के बाहर जब्त किए गए अंग्रेजी शराब के कार्टन और खड़ा वाहन दिखाई दे रहा है।
डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्वच्छता” अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रक कंटेनर से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 221 कार्टन जब्त किए। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक अब्दुल मन्नान मय जाप्ता रतनपुर बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रहे एक ट्रक कंटेनर पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर गुप्त तरीके से छिपाकर रखी गई हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कंटेनर से शराब के कुल 221 कार्टन बरामद किए। इसके बाद शराब और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को जब्त कर आरोपी कालूसिंह पुत्र गुलाब सिंह रावत, उम्र 27 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुरा, थाना देवगढ़, जिला राजसमंद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही शराब की तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई के संबंध में आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अब्दुल मन्नान, कांस्टेबल मंगन सिंह, युवराज सिंह एवं गोपाल सिंह नंबर की विशेष भूमिका रही। रतनपुर बॉर्डर पर हुई इस कार्रवाई में करीब 30 लाख रुपये कीमत की 221 कार्टन हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बरामदगी के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया है।