प्री आरडी परेड में चयन होने पर धनश्री मेघवाल को बधाई देते राजकीय महाविद्यालय मावली के प्राचार्य व शिक्षकगण।   

राजकीय महाविद्यालय, मावली की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविका धनश्री मेघवाल का प्री आरडी परेड-2027 के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वह महाविद्यालय की पहली स्वयंसेविका बन गई हैं, जिनका चयन प्री आरडी परेड के लिए हुआ है। धनश्री 21 से 31 अक्टूबर तक हरियाणा के गुरुग्राम स्थित द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, खेंटावास में राजस्थान टीम की सदस्य के रूप में भाग लेंगी।

धनश्री के चयन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेविका का प्री आरडी में चयन होना पूरे संस्थान और क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।

महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नरपत राम परमार ने बताया कि महाराणा प्रताप यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, उदयपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्री आरडी चयन कैंप में धनश्री मेघवाल ने भाग लिया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने दौड़, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुति और साक्षात्कार सहित विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका प्री आरडी परेड-2027 के लिए चयन हुआ।

धनश्री मेघवाल 21 से 31 अक्टूबर तक द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, खेंटावास, गुरुग्राम, हरियाणा में आयोजित प्री आरडी परेड में राजस्थान टीम की सदस्य के रूप में भाग लेकर महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी। उनका चयन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर एनएसएस परामर्शदात्री समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी सहित भारती चौहान, डॉ. पीनल जैन, नीलम चौधरी, डॉ. नरपत परमार, डॉ. राखी धारवार, डॉ. जितेंद्र सिंह चुंडावत, वीरेंद्र सिंह शक्तावत और एनएसएस स्वयंसेवकों ने धनश्री मेघवाल को बधाई दी तथा प्री आरडी परेड के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Tags: