खेरवाड़ा की बंजारवाड़ा ग्राम पंचायत में बिना धन खर्च किए सरपंच निर्वाचित होने पर सम्मानित हुईं आशा देवी व अन्य ग्रामीण.   

खेरवाड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंजारवाड़ा में सरपंच चुनाव का परिणाम धनबल के बिना जनसमर्थन से जीत हासिल करने की मिसाल बन गया है। यहां आशा देवी बिना एक रुपया खर्च किए सरपंच निर्वाचित हुई हैं। चुनाव में मतदाताओं को किसी तरह का प्रलोभन नहीं दिया गया और न ही प्रचार के दौरान कोई खर्च किया गया।

नवनिर्वाचित सरपंच आशा देवी के पति प्रताप लाल ने बताया कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए किसी प्रकार का प्रलोभन नहीं दिया गया। यहां तक कि मतदाताओं को पार्ले-जी बिस्कुट तक वितरित नहीं किए गए। ग्राम पंचायत में करीब 1200 मतदाता हैं। ग्रामीणों के आपसी सहयोग और समर्थन से आशा देवी को सरपंच पद पर जीत मिली।

वहीं, गांव में आपसी एकजुटता और भाईचारे का परिचय देते हुए हेमंत लबाना को निर्विरोध उपसरपंच चुना गया। उपसरपंच का निर्विरोध चयन पंचायत में सर्वसम्मति और सामूहिक निर्णय की भावना को दर्शाता है।

चुनाव में जीत के बाद सरपंच पति प्रताप लाल ने समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर और उनकी पत्नी पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पंचायत क्षेत्र में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

बंजारवाड़ा पंचायत का यह चुनाव परिणाम दिखाता है कि चुनाव में धन खर्च किए बिना भी मतदाताओं का विश्वास और ग्रामीणों का सामूहिक समर्थन जीत का आधार बन सकता है। आशा देवी की जीत और हेमंत लबाना का निर्विरोध उपसरपंच चुना जाना पंचायत में जनसमर्थन, आपसी सद्भाव और सर्वसम्मति की भूमिका को सामने लाता है।

Tags: