खेरवाड़ा के काटवी में ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर शुरू कराया सड़क मरम्मत का काम
कातरवास कलां पंचायत के काटवी गांव में लंबे समय से खस्ताहाल मुख्य सड़क से राहत के लिए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से राशि जुटाकर जीर्णोद्धार कार्य शुरू किया।
तस्वीर में कच्चे रास्ते पर जेसीबी मशीन से सड़क मरम्मत का काम करते ग्रामीण।
खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत कातरवास कलां के राजस्व गांव काटवी में ग्रामीणों ने जनसहयोग की मिसाल पेश करते हुए एक बार फिर चंदा एकत्र कर गांव के विकास कार्य का बीड़ा उठाया है। ग्रामीणों ने पहले चंदे से तालाब की पाल का निर्माण कराया था और अब काटवी महादेव मंदिर से स्कूल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की मरम्मत एवं सुधार का कार्य शुरू किया है।
लंबे समय से सड़क की हालत खस्ताहाल होने के कारण ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा एकत्र किया और सड़क की मरम्मत एवं सुधार का कार्य प्रारंभ करवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी स्तर पर कार्य का इंतजार करने के बजाय सभी के सहयोग से सड़क को आवागमन योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान बंशीलाल जाबला, नारसिंह चौहान, कालू जाबला, चंदन देवी, शायरा कुंवर, कांति जाबला, चेतन, सोहन, राकेश, विजय, अनिल, अरविंद, अजय सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
काटवी में ग्रामीणों का यह सामूहिक प्रयास गांव के विकास कार्यों में जनसहयोग की भूमिका को सामने लाता है। तालाब की पाल के निर्माण के बाद अब मुख्य सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने एक बार फिर आपसी सहयोग से गांव की जरूरत को पूरा करने की पहल की है।