झालोल में पुलिस का बड़ा एक्शन: स्टंटबाजी और यातायात नियम तोड़ने पर 10 पावर बाइकर्स के चालान
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आगामी पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स पर चालानी कार्रवाई की।
झाडोल थाना पुलिस ने सड़क हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत जब्त की गई पावर बाइकों के साथ कार्रवाई की।
उदयपुर जिले के झालोल में आगामी पंचायती राज चुनाव और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। झाडोल पुलिस थाना क्षेत्र में चलाए गए पावर बाइक चेकिंग अभियान के दौरान स्टंटबाजी करने और नियमों की अनदेखी करने वाले 10 पावर बाइकर्स के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के आवश्यक दिशा-निर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्री रजत विश्नोई और वृत्ताधिकारी वृत्त झाडोल श्री विवेक सिंह के सुपरविजन में चलाया गया। झाडोल पुलिस थाना के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक चंद्रपालसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र की सड़कों पर तेज गति से बाइक चलाने, स्टंटबाजी करने, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने और बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रही भारी व पावर बाइकों की गहनता से जांच की।
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने और स्टंटबाजी करने वाले कुल 10 पावर बाइकर्स को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ चालान काटे। यह अभियान आगामी पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिदिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया।
कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहनों में किसी भी तरह का गैरकानूनी बदलाव नहीं कराने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष कार्रवाई में थानाधिकारी श्री चंद्रपालसिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्री कमल कुमार, सहायक उपनिरीक्षक श्री उम्मेद राम, हेड कांस्टेबल नंबर 2822 श्री प्रदीपसिंह, कांस्टेबल नंबर 1173 श्री ओमप्रकाश, कांस्टेबल नंबर 3125 श्री श्रीमोहन, कांस्टेबल नंबर 3163 श्री रामेश्वर और कांस्टेबल नंबर 3196 श्री बालकृष्ण शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।