मुंबई की महिला की शिकायत पर स्वामी इंद्रदेव महाराज पर एफआईआर और पद से निष्कासन।

मुंबई की एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर यौन शोषण के आरोपों के बाद चर्चित कथावाचक स्वामी इंद्रदेव महाराज पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने उन्हें महामंडलेश्वर के पद से हटा दिया है। अखाड़े के इस फैसले की जानकारी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव डॉ. रविंद्र पुरी ने दी है। दूसरी ओर, महिला की शिकायत पर पुलिस ने भी मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अखाड़े ने गंभीर आरोपों को देखते हुए लिया सख्त फैसला

डॉ. रविंद्र पुरी ने स्पष्ट किया कि इंद्रदेव महाराज पर लगे आरोपों की गंभीरता को देखते हुए अखाड़े ने यह कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने यह भी बताया कि महामंडलेश्वर की पदवी मिलने के बाद से स्वामी इंद्रदेव अखाड़े के किसी भी धार्मिक या अन्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। उन्हें 6 जून 2016 को महामंडलेश्वर का पद दिया गया था।

कौन हैं स्वामी इंद्रदेव महाराज और क्या हैं आरोप

स्वामी इंद्रदेव महाराज वृंदावन के एक चर्चित भागवत कथावाचक हैं और वर्तमान में वे उज्जैन के भूखी माता मंदिर रोड पर आश्रम तथा गोशाला का निर्माण करवा रहे हैं। मुंबई निवासी महिला की शिकायत के आधार पर काशीमीरा पुलिस ने इंद्रदेव महाराज के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है। महिला ने आरोप लगाया है कि नवंबर 2025 में वृंदावन स्थित आश्रम में इंद्रदेव महाराज ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए।

सत्संग में दीक्षा लेने के बाद शुरू हुआ संपर्क

पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में महिला ने बताया है कि साल 2023 में उसे मुंबई में होने वाले इंद्रदेव महाराज के सत्संग की जानकारी मिली थी। वह अपनी बेटी के साथ उस कार्यक्रम में गई, वहां इंद्रदेव महाराज से दीक्षा ली और अपने घर वापस आ गई। कुछ समय बाद वह अपनी एक व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए दोबारा उनके पास पहुंची।

वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतों का भी लगाया आरोप

महिला के अनुसार, इंद्रदेव महाराज ने उसकी समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया और लगातार संपर्क में रहने को कहा। इसके बाद आरोप है कि इंद्रदेव महाराज महिला को वीडियो कॉल करने लगे और इस दौरान कपड़े उतारने तथा अश्लील बातचीत करने जैसी हरकतें कीं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।