ससुराल में अनाज की कोठी में रखे 14 लाख पर जीजा की नजर, टोंक पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
टोंक में साली के घर में रखी 14 लाख की नकदी पर जीजा की नीयत डोल गई। कर्ज में डूबे आरोपी ने ससुराल में ही की चोरी, 24 घंटे में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा।
टोंक में पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मामले का खुलासा करते हुए।
टोंक जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के सोहेला गांव में साली द्वारा जमीन बेचने के बाद मिली 13 लाख 58 हजार 500 रुपये की बड़ी रकम को अनाज की कोठी में छिपाकर रखा गया था, लेकिन घर के ही एक सदस्य ने इस पर हाथ साफ कर दिया। कर्ज के बोझ से दबे जीजा ने मौका पाकर ससुराल में ही चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि टोंक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि 30 जून को सोहेला निवासी नन्दलाल बैरवा ने घर से इतनी बड़ी नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ निवाई मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी और बरौनी थाना प्रभारी नारायणलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की और 24 घंटे के अंदर ही आरोपी श्योराज पुत्र स्व. रामदयाल बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। 30 वर्षीय आरोपी सुरतपुरा लूहारा का निवासी है और निवाई सदर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी पीड़ित नन्दलाल बैरवा का जीजा है। उसे इस बात की सटीक जानकारी थी कि साली ने जमीन बेची है और रुपयों को सुरक्षा की दृष्टि से अनाज की कोठी में रखा गया है।
आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान आरोपी लंबे समय से इन रुपयों पर नजर गड़ाए हुए था। मौका मिलते ही उसने योजनाबद्ध तरीके से ससुराल में चोरी की और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पूरी रकम 13 लाख 58 हजार 500 रुपये बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त चोरी की ऑल्टो कार जिसका नंबर आरजे-29-सीए-5229 है, उसे भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जांच जारी है।