तस्वीर में दिख रही हरे रंग की रेनो डस्टर गाड़ी के सामने एक व्यक्ति रिमोट की पकड़े हुए है।   

रेनो डस्टर हाइब्रिड खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। रेनो इंडिया ने अपनी नई स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड एसयूवी की बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी इस गाड़ी को 17 अक्टूबर 2026 को भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी। इसका सबसे बड़ा आकर्षण ARAI प्रमाणित 29 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज है। बुकिंग के लिए 21,000 रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

नई रेनो डस्टर हाइब्रिड में कंपनी की E-Tech हाइब्रिड तकनीक दी गई है। यह मॉडल मौजूदा 1.0-लीटर और 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ डस्टर की रेंज में तीसरा पावरट्रेन विकल्प बनेगा। रेनो के अनुसार, E-Tech सिस्टम में कंपनी के फॉर्मूला-1 अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया गया है।

इस एसयूवी में 1.8-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। इनमें से एक 20hp की मोटर जनरेटर के रूप में काम करती है, जबकि दूसरी 49hp की मोटर पहियों को चलाती है। दोनों मोटरों और पेट्रोल इंजन से मिलकर यह सिस्टम 160hp की संयुक्त पावर और 172Nm का टॉर्क देता है।

डस्टर हाइब्रिड में मल्टी-मोड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है, जो ड्राइविंग परिस्थितियों के अनुसार पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटरों के बीच पावर का इस्तेमाल नियंत्रित करता है। इस स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड सिस्टम में बैटरी चार्ज करने के लिए बाहरी चार्जिंग स्रोत की जरूरत नहीं होती। गाड़ी चलने और ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा पुनः प्राप्त होने से बैटरी चार्ज होती है।

कंपनी ने इस एसयूवी का ARAI प्रमाणित माइलेज 29 किलोमीटर प्रति लीटर बताया है। हाइब्रिड तकनीक कम गति पर इलेक्ट्रिक मोटर से गाड़ी चलाने, ब्रेकिंग के दौरान ऊर्जा पुनः प्राप्त करने और जरूरत नहीं होने पर पेट्रोल इंजन बंद रखने में मदद करती है। हालांकि, वास्तविक माइलेज ट्रैफिक, गाड़ी की गति, तापमान और ड्राइविंग के तरीके पर निर्भर करेगा।

नई डस्टर हाइब्रिड ऐसे समय में बाजार में उतर रही है, जब मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा तेज है। इसका मुकाबला मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, मारुति सुजुकी विक्टोरिस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के हाइब्रिड मॉडल से होगा। डीजल इंजन विकल्प की अनुपस्थिति में कंपनी इस नए हाइब्रिड पावरट्रेन के जरिए ग्राहकों को बेहतर ईंधन दक्षता वाला विकल्प देने की तैयारी में है। 17 अक्टूबर को लॉन्च के साथ इसकी कीमत का भी खुलासा होने की उम्मीद है।