एयरटेल ने ब्रॉडबैंड स्पीड में जियो-बीएसएनएल को पछाड़ा
opensignal रिपोर्ट के अनुसार एयरटेल ने इंटरनेट अनुभव और विश्वसनीयता की सभी पांच कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया है।
ओपनसिग्नल की रिपोर्ट के अनुसार भारत में एयरटेल ने ब्रॉडबैंड इंटरनेट स्पीड और गुणवत्ता में जियो को पछाड़ा।
घर में ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शन लगवाने से पहले सिर्फ तेज डाउनलोड स्पीड देखना पर्याप्त नहीं है। वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन मीटिंग और बड़ी फाइलें डाउनलोड करने के दौरान नेटवर्क की स्थिरता और लगातार बेहतर प्रदर्शन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी बीच देश की प्रमुख ब्रॉडबैंड कंपनियों के इंटरनेट एक्सपीरियंस को लेकर जारी नई रिपोर्ट में Airtel ने Reliance Jio और BSNL को पीछे छोड़ते हुए पांचों प्रमुख कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया है।
Opensignal ने हाल ही में भारत के लिए अपनी नवीनतम Fixed Broadband Experience Report जारी की है। इसमें देश की प्रमुख ब्रॉडबैंड कंपनियों की इंटरनेट सेवाओं और उपभोक्ताओं को मिलने वाले अनुभव का तुलनात्मक आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, Airtel ने Overall Experience की सभी पांच कैटेगरी में जीत दर्ज की है। इनमें ब्रॉडबैंड रिलायबिलिटी, कंसिस्टेंट क्वालिटी, डाउनलोड स्पीड, अपलोड स्पीड और वीडियो एक्सपीरियंस शामिल हैं।
डाउनलोड और अपलोड स्पीड के मामले में भी Airtel ने Reliance Jio के मुकाबले करीब 26-27 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, इस श्रेणी में सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। डाउनलोड स्पीड में BSNL, Airtel से केवल 0.5Mbps और अपलोड स्पीड में 0.8Mbps पीछे रही। इस तरह स्पीड के मामले में BSNL ने दूसरा स्थान हासिल किया।
नेटवर्क की विश्वसनीयता के मामले में भी Airtel ने Jio को पीछे छोड़ दिया। Opensignal के 100 से 1,000 के स्केल पर Airtel को 486 पॉइंट मिले, जबकि Jio का स्कोर 423 रहा। इन आंकड़ों के अनुसार, नेटवर्क के भरोसेमंद प्रदर्शन में Airtel ने Jio पर स्पष्ट बढ़त बनाई।
हालांकि, बेहतर इंटरनेट एक्सपीरियंस की रैंकिंग में Airtel के शीर्ष पर रहने के बावजूद वायर्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स की संख्या में Jio की बादशाहत कायम है। TRAI के अगस्त 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, Jio के 1.48 करोड़ वायर्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स हैं। वहीं Airtel के 1.14 करोड़ और BSNL के 46 लाख यूजर हैं। यानी ग्राहक संख्या के लिहाज से Jio आगे है, जबकि Opensignal की नवीनतम रिपोर्ट में इंटरनेट एक्सपीरियंस के मामले में Airtel ने बाजी मारी है।
Fixed Wireless Access (FWA) सेवाओं के प्रदर्शन में भी Airtel ने Jio पर बढ़त हासिल की है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कैटेगरी में Airtel की औसत डाउनलोड स्पीड 32.4Mbps और अपलोड स्पीड 20.7Mbps दर्ज की गई। इसके मुकाबले Jio की डाउनलोड स्पीड 25.7Mbps और अपलोड स्पीड 17.1Mbps रही।
FWA नेटवर्क की विश्वसनीयता के मामले में Airtel को 450 पॉइंट मिले, जबकि Jio का स्कोर 382 रहा। वहीं कंसिस्टेंट क्वालिटी में Airtel ने 66.2 फीसदी स्कोर हासिल किया, जबकि Jio का प्रदर्शन 55 फीसदी पर रहा।
इस रिपोर्ट के आंकड़े ब्रॉडबैंड सेवाओं की तुलना में स्पीड के साथ नेटवर्क की विश्वसनीयता, स्थिरता और वीडियो अनुभव के महत्व को भी सामने लाते हैं। ग्राहक संख्या में Jio की बढ़त बरकरार है, लेकिन इंटरनेट एक्सपीरियंस की पांचों प्रमुख कैटेगरी और Fixed Wireless Access के प्रदर्शन में Airtel ने अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।