मुंबई स्थित एमसीए के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को सचिन तेंदुलकर ने अपनी 25 ऐतिहासिक बैट भेंट कीं।

मुंबई: क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से अनगिनत रिकॉर्ड बनाने वाले भारत रत्न सचिन तेंदुलकर सोमवार को अपनी क्रिकेट यात्रा की अनमोल यादें साझा करते हुए भावुक हो गए। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को उन्होंने अपनी 25 बैट और क्रिकेट किट की चुनिंदा वस्तुएं भेंट कीं। इनमें उनके करियर से जुड़ी कई ऐतिहासिक चीजें शामिल हैं, जिन्हें अब क्रिकेट प्रेमी करीब से देख सकेंगे।

इस अवसर पर सचिन ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "मेरा क्रिकेट किट मेरे शरीर का ही एक हिस्सा था। इसमें शामिल वस्तुएं और बैट आज मैं आपको उपहार के रूप में दे रहा हूं। इसे ऐसा समझिए कि मैं अपने शरीर का एक हिस्सा ही आपको सौंप रहा हूं। इसे संभालकर रखिए।"

सचिन ने बताया कि उन्होंने अपने किट बैग में रखी बैट, ग्लव्स, हेलमेट, पैड और कैप सहित सभी वस्तुओं को वर्षों तक बेहद संभालकर रखा है। अब वह इस अनमोल धरोहर को संग्रहालय के सुपुर्द कर रहे हैं। इस मौके पर उनकी पत्नी अंजलि, बेटी सारा, बेटे अर्जुन और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

उन्होंने अपने संग्रह की सबसे खास वस्तुओं में शामिल पहली बैट का किस्सा भी साझा किया। सचिन ने बताया कि यह बैट उनकी बहन सविता ने खास तौर पर कश्मीर से लाकर उन्हें उपहार में दी थी। यह बताते हुए उन्होंने वहां मौजूद अपनी बहन की ओर भी देखा।

सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुंबई स्थित कार्यालय में चुनिंदा खेल पत्रकारों के साथ सचिन की बातचीत का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनके क्रिकेट करियर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से सामने आए। जिन बैट से उन्होंने रनों का अंबार लगाया और 'विक्रमादित्य' की पहचान हासिल की, वे अब शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय में प्रशंसकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

सचिन ने अपनी पहली बैट मिलने की याद साझा करते हुए कहा, "मैंने कभी बैट के लिए जिद नहीं की थी। मेरी बहन सविता ने कश्मीर से बैट लाकर मुझे उपहार में दी थी और मुझे इस खेल का जुनून लग गया। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि कोई मेरे लिए इतनी अनमोल और खूबसूरत भेंट ला सकता है। इसके बाद बैट और मेरे बीच बनी साझेदारी कभी नहीं टूटी।"

इसी किस्से के साथ 'सचिनमय' कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सचिन ने बचपन और क्रिकेट करियर से जुड़ी कई यादें साझा कीं।

बचपन के खेलों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह लगभग सभी खेल खेलते थे, यहां तक कि बैडमिंटन भी। उन्होंने कहा, "आमतौर पर मेरे एक हाथ में टेनिस रैकेट और दूसरे हाथ में क्रिकेट बैट होती थी। हम अपनी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे, लेकिन बहुत सावधानी से। क्योंकि अगर गेंद को जोर से मार दिया तो वह नीचे चली जाती थी।"

सचिन ने अपने पहले पाकिस्तान दौरे से जुड़ी बैट और एक प्रदर्शनीय मैच का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उस मैच में जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे तो उनके साथ श्रीकांत थे। श्रीकांत ने उन्हें अच्छी प्रैक्टिस करने की सलाह दी थी। उस दौरान सचिन ने अपने ही उम्र के एक नए गेंदबाज पर आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी।

यह देखकर महान पाकिस्तानी गेंदबाज अब्दुल कादिर उनके पास आए और कहा, "उस छोटे बच्चे को क्या मारते हो? हिम्मत है तो मेरी गेंदबाजी पर बल्लेबाजी करके दिखाओ।"

सचिन ने बताया कि उस समय वह भी काफी छोटे थे। उन्होंने कादिर से कहा, "आप बहुत अनुभवी और सफल गेंदबाज हैं। आपकी गेंदबाजी पर देखते हैं कि मुझे बल्लेबाजी आती भी है या नहीं।" इसके बाद उन्होंने कादिर की गेंदों पर भी आक्रामक शॉट लगाए। हालांकि, सचिन ने स्पष्ट किया कि कादिर ने यह बात पूरी तरह खेल भावना के तहत कही थी।

इस संग्रहालय में सचिन के संन्यास भाषण के वे लिखित बिंदु भी रखे गए हैं, जिन्हें उन्होंने अपने विदाई संबोधन से पहले एक कागज पर नोट किया था। इससे यह भी पता चलता है कि सचिन अपने करियर से जुड़ी छोटी से छोटी याद और दस्तावेज को कितनी सावधानी से सहेजकर रखते हैं।

एमसीए ने पिछले साल अपने क्रिकेट संग्रहालय के लिए सचिन से उनके करियर से जुड़ी कुछ वस्तुएं देने का अनुरोध किया था। हालांकि, उस समय उनके घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर का नवीनीकरण भी हो रहा था। सचिन ने बताया, "बहुत सारी तैयारियां चल रही थीं। घर का नवीनीकरण होने के कारण हमें दो साल तक घर से दूर रहना पड़ा। लेकिन मैंने एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाईक से कहा था कि मुझे थोड़ा समय दीजिए। मैं आपसे वादा करता हूं कि संग्रहालय के लिए कुछ अच्छा दूंगा।"

उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए संस्था के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा क्षण भी आया, जब सचिन अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक ने उन्हें वानखेड़े स्टेडियम के आउटफील्ड की घास एक स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की। इसे देखकर सचिन भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "आपने मुझे ऐसा बाउंसर डालकर भावुक ही कर दिया। मैं आज यह मिट्टी अपने साथ घर लेकर जाऊंगा। अपना वानखेड़े साथ लेकर जाऊंगा। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि वानखेड़े की मिट्टी मुझे इस तरह उपहार में मिलेगी।"

सचिन ने अपनी बैट पर प्रायोजन से जुड़े एक पुराने फैसले का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में तंबाकू, सिगरेट और शराब बनाने वाली कंपनियां बैट के लिए प्रायोजन देती थीं। लेकिन वह उनके विज्ञापनों में शामिल होकर कोई गलत संदेश नहीं देना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने कई महीनों तक बिना किसी प्रायोजक के बैट का इस्तेमाल किया। सचिन ने कहा कि यही कारण था कि उस दौर में उनकी बैट पर किसी कंपनी का स्टिकर दिखाई नहीं देता था।

सचिन तेंदुलकर की ओर से संग्रहालय को सौंपी गई 25 बैट और क्रिकेट किट की चुनिंदा वस्तुएं उनके खेल जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों की यादें संजोएंगी। उनकी पहली बैट से लेकर संन्यास भाषण के नोट्स तक, यह संग्रह अब क्रिकेट प्रेमियों को उनके व्यक्तिगत और पेशेवर सफर से करीब से जुड़ने का अवसर देगा।

Tags: