IPL 2027: रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस में होगी वापसी? अश्विन ने बताई कप्तानी की वजह
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर चर्चा तेज है। रविचंद्रन अश्विन ने रोहित शर्मा को एक साल के लिए कप्तान बनाने का सुझाव दिया है। कायरन पोलार्ड के मुख्य कोच बनने के बाद टीम की रणनीति पर सबकी नजरें हैं।
तस्वीर में बाएं से दाएं रोहित शर्मा और कायरन पोलार्ड; पूर्व स्पिनर अश्विन ने पोलार्ड के मुख्य कोच बनने के बाद आगामी सीजन के लिए रोहित को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाने की पैरवी की है।
भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी रोहित शर्मा को सौंपने का सुझाव दिया है। कायरन पोलार्ड के टीम का नया मुख्य कोच बनने के बाद रोहित की कप्तानी में वापसी की चर्चा तेज हो गई है। रोहित को आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस ने कप्तानी से हटा दिया था। अब उनके दोबारा टीम की कमान संभालने की संभावना पर चर्चा हो रही है। इस बीच, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ सकते हैं।
अगर हार्दिक फ्रेंचाइजी से अलग होते हैं, तो मुंबई इंडियंस को नए कप्तान की जरूरत होगी। आईपीएल 2028 से पहले मेगा नीलामी होनी है। ऐसे में अश्विन का मानना है कि रोहित को एक साल के लिए कप्तानी सौंपना टीम के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। पूर्व भारतीय स्पिनर को भी लगता है कि हार्दिक मुंबई के साथ नहीं रहेंगे और आगामी सत्र में किसी नई फ्रेंचाइजी की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं।
रोहित शर्मा सब ठीक कर सकते हैं: रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर आगामी सत्र के लिए रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि रोहित शर्मा और कायरन पोलार्ड का कॉम्बिनेशन अच्छा साबित हो सकता है। ऐसा ही होगा ये मुझे नहीं पता है लेकिन हार्दिक पांड्या फ्रेंचाइजी के साथ नहीं होंगे ये मुझे यकीन है। उनके वहां पर रहने के चांस बहुत कम हैं। सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम से बाहर हैं, जिसकी वजह से उनके कप्तानी करने का भी चांस बहुत कम है।"
अश्विन ने आगे कहा, "ये एक बहुत बड़ी समस्या बन गई है और अब सबकुछ ठीक करने की जरूरत है। वैसे भी मेगा ऑक्शन में सिर्फ एक साल बचा है। इतने कम समय में अगर चीजों को ठीक करने का अनुभव किसी के पास है, तो वो रोहित शर्मा हैं। इसलिए मुझे लगता है कि कम से कम एक साल के लिए रोहित सबसे बेहतर विकल्प हैं। पॉली के साथ उनकी बॉन्डिंग भी अच्छी है।"
अश्विन के मुताबिक, मेगा नीलामी से पहले सीमित समय में टीम की स्थिति सुधारने के लिए रोहित का अनुभव उपयोगी हो सकता है। उन्होंने रोहित और कायरन पोलार्ड के बीच अच्छे तालमेल को भी कप्तानी के विकल्प के पक्ष में अहम बताया।
कायरन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच
मुंबई इंडियंस ने आगामी सत्र के लिए महेला जयवर्धने को कोचिंग के पद से हटा दिया है। उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने कायरन पोलार्ड को नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। पोलार्ड अब टीम को नई दिशा देने की कोशिश करेंगे। लगातार तीन सत्र में टीम के खराब प्रदर्शन के कारण जयवर्धने को उनके पद से हटाया गया है।
ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के सामने कोचिंग और कप्तानी से जुड़े बदलावों की चुनौती है। हालांकि, रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी को लेकर अभी अश्विन ने सुझाव दिया है और हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर भी मीडिया रिपोर्ट्स में अटकलें सामने आई हैं।