चिंटू सिंह हत्याकांड: शेष 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज, अनशनरत मां से अस्पताल पहुंचे संयम लोढ़ा

सिरोही के चिंटू सिंह हत्याकांड में शेष 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। आमरण अनशन पर बैठी सुंदर कंवर से संयम लोढ़ा ने अस्पताल में मुलाकात की।

Update: 2026-07-22 14:49 GMT

सिरोही के जिला अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला से बातचीत करते पूर्व विधायक संयम लोढ़ा और उपस्थित चिकित्साकर्मी व पुलिस अधिकारी।

सिरोही जिले के पोसालिया निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ चिंटू सिंह हत्याकांड में शेष नौ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मृतक की 70 वर्षीय मां सुंदर कंवर जिला अस्पताल में आमरण अनशन पर बैठी हैं। उनकी मांग है कि मामले में फरार सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

मंगलवार को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा जिला अस्पताल पहुंचे और आमरण अनशन पर बैठी सुंदर कंवर से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

संयम लोढ़ा ने अनशनरत बुजुर्ग महिला से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और उपचार जारी रखने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड के शेष सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी से ही परिवार का कानून पर विश्वास मजबूत होगा। हत्याकांड को लेकर जिले में लगातार जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों की ओर से भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही है। ऐसे में मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन और मांग लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।

Tags:    

Similar News