स्वदेशी संवाद मीटिंग: गंगापुर सिटी के कार्यकर्ताओं ने लिया स्वावलंबन का संकल्प

सवाई माधोपुर में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों और आर्थिक आत्मनिर्भरता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

Update: 2026-05-09 07:53 GMT

सवाई माधोपुर के अनुरागा होटल में आयोजित स्वदेशी संवाद मीटिंग के दौरान गंगापुर सिटी इकाई के मुख्य संयोजक महेश गुप्ता सर्वेयर, डॉ. कुसुम गुप्ता और अन्य कार्यकर्ता।

गंगापुर सिटी। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा 8 मई को सवाई माधोपुर स्थित अनुरागा होटल में आयोजित स्वदेशी संवाद मीटिंग में देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गंगापुर सिटी इकाई के कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

मीटिंग का शुभारंभ राष्ट्रीय संयोजक श्री आर सुंदरम, राष्ट्रीय संगठक श्री कश्मीरी लाल, राष्ट्रीय सह संगठक श्री सतीश कुमार, राष्ट्रीय सह संयोजक राजीव कुमार, राष्ट्रीय महिला प्रमुख श्रीमती अर्चना मीणा, क्षेत्रीय संयोजक डॉ. सतीश आचार्य, क्षेत्र समन्वयक लोकेंद्र नरूका, अखिल भारतीय विचार प्रमुख श्री दीपक शर्मा, विभाग संयोजक संतोष शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जसकौर मीणा सहित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

गंगापुर सिटी के स्वदेशी जागरण मंच के मुख्य संयोजक महेश गुप्ता सर्वेयर के नेतृत्व में नगर संयोजक गोपाल बैराडा, महिला प्रमुख डॉ. कुसुम गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मीटिंग में भाग लिया।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय संगठक श्री कश्मीरी लाल ने कहा कि वर्तमान समय में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण ईंधन स्रोतों पर असर पड़ रहा है और भारत आयात पर निर्भर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी विषम परिस्थितियों से बाहर निकलने के लिए देश को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की ओर तेजी से बढ़ना होगा। उन्होंने सौर ऊर्जा और जैविक ऊर्जा जैसे विकल्पों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव, शहर और जन-जन तक स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वरोजगार का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय संयोजक श्री आर सुंदरम ने स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को स्वदेशी और स्वावलंबन के अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पादन और स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

Similar News