पीएम सूर्य घर योजना में तेजी के निर्देश, लंबित कार्यों पर जिला कलक्टर ने जताई नाराजगी

सवाई माधोपुर में पीएम सूर्य घर योजना सहित विद्युत योजनाओं की समीक्षा, जिला कलक्टर ने लंबित कार्यों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Update: 2026-07-28 11:26 GMT

तस्वीर में सवाई माधोपुर के कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित विद्युत योजनाओं की समीक्षा बैठक में बैठे अधिकारी नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जेवीवीएनएल एवं आरवीपीएनएल की विभिन्न विद्युत योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, कृषि विद्युत कनेक्शन, कृषि विद्युत आपूर्ति, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र, आरडीएसएस कार्य, विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, ट्रांसमिशन एण्ड डिस्ट्रीब्यूशन लॉस नियंत्रण तथा उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिकतम पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर सोलर कनेक्शन जारी करने को कहा।

कलक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें और कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने विद्युत विभाग के पांच सहायक अभियंताओं को चार्जशीट जारी करने के निर्देश अधिशाषी अभियंता डीडी मीना को दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 7 हजार 880 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2 हजार 160 परिवारों के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में अभी तक एक भी सोलर कनेक्शन जारी नहीं हुआ है, वहां 31 अगस्त 2026 तक कम से कम दो-दो लाभार्थियों को योजना से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं भी योजना का लाभ लेकर आमजन को प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर ने लंबित कृषि विद्युत कनेक्शन जल्द जारी करने, लाइन कार्य पूर्ण हो चुके स्थानों पर तत्काल ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा विलंब होने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने टू-ब्लॉक कृषि विद्युत आपूर्ति लागू करने के लिए ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदलने, 33/11 केवी एवं 132 केवी जीएसएस कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के लंबित कार्यों में प्रगति लाने तथा सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र समयबद्ध रूप से स्थापित कराने के निर्देश दिए। आरडीएसएस के तहत उपकेंद्र, फीडर बिफरकेशन एवं क्षमता वृद्धि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला कलक्टर ने टी एंड डी लॉस कम करने, बिजली चोरी रोकने और टोल फ्री शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दो घंटे से अधिक लंबित शिकायतों की व्यक्तिगत निगरानी कर उनका शीघ्र समाधान किया जाए।

काना राम ने कहा कि विद्युत योजनाओं में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

बैठक में जेवीवीएनएल एवं आरवीपीएनएल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News