जनगणना-2027 की तैयारी तेज, सवाई माधोपुर में डीसीएचबी पोर्टल प्रशिक्षण से बढ़ेगी सटीकता
सवाई माधोपुर में जनगणना-2027 की तैयारी के तहत डीसीएचबी पोर्टल प्रशिक्षण, अधिकारियों को डेटा प्रबंधन और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
तस्वीर में सवाई माधोपुर में एक प्रशिक्षण कक्ष के भीतर प्रोजेक्टर स्क्रीन पर 'नगर निर्देशिका सूची 2027' प्रदर्शित है, जिसके सामने खड़े होकर एक प्रशिक्षक अधिकारियों और कर्मचारियों को डीसीएचबी वेब पोर्टल की जानकारी दे रहा है। कक्ष में बैठे प्रतिभागी ध्यान से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिला प्रशासन ने भारत की जनगणना-2027 को सफल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला स्तर पर शहरी क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्मिकों को डीसीएचबी वेब पोर्टल के प्रभावी उपयोग का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के जिला समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को डीसीएचबी वेब पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि, सत्यापन, अनुमोदन, संपादन और प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि डीसीएचबी वेब पोर्टल जनगणना संबंधी आंकड़ों के सुरक्षित, सटीक और रियल-टाइम प्रबंधन के लिए विकसित आधुनिक केंद्रीकृत डिजिटल मंच है।
उन्होंने बताया कि पोर्टल में रोल-बेस्ड एक्सेस, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और इन-बिल्ट वैलिडेशन चेक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सकेगी।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी (डीसीओ), चार्ज अधिकारियों और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की भूमिकाओं एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई। डीसीओ अधिकारियों को यूजर आईडी निर्माण, कार्यों की निगरानी और अनुमोदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई, जबकि चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को डेटा एंट्री, संपादन, सिंक्रोनाइजेशन और सबमिशन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कराया गया।
प्रतिभागियों को बताया गया कि डीसीएचबी पोर्टल के सुचारु संचालन के लिए अद्यतन वेब ब्राउजर जैसे गूगल क्रोम, माइक्रोसॉफ्ट एज अथवा मोज़िला फायरफॉक्स, स्थिर इंटरनेट कनेक्शन और जावास्क्रिप्ट सक्षम होना आवश्यक है। साथ ही सुरक्षित लॉगिन, कैप्चा सत्यापन और यूजर क्रेडेंशियल्स के सुरक्षित उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनगणना-2027 के कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपादित करने का आह्वान किया गया। उप जिला जनगणना अधिकारी धर्मेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में सीखी गई प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन करते हुए जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डीसीएचबी वेब पोर्टल के प्रभावी उपयोग से जनगणना संबंधी आंकड़ों का संकलन और प्रबंधन अधिक सरल, सटीक और समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान नगर परिषद के आयुक्त दलीप पूनिया, गंगापुर सिटी के आयुक्त बृजेन्द्र मीना, बामनवास नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी कमलेन्द्र प्रताप सिंह सिसोदिया, बौंली नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार मीना, खण्डार नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी सुलोचना मीना, वजीरपुर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी दीपक चौहान सहित संबंधित चार्जों के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इसी क्रम में जिले की सभी 11 ग्रामीण चार्ज तहसीलों में डीसीएचबी वेब पोर्टल का प्रशिक्षण 6 से 13 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को सवाई माधोपुर, 7 अगस्त को बामनवास एवं बरनाला, 8 अगस्त को गंगापुर सिटी, वजीरपुर एवं तलावड़ा, 10 अगस्त को बौंली एवं मित्रपुरा, 11 अगस्त को मलारना डूंगर, 12 अगस्त को चौथ का बरवाड़ा तथा 13 अगस्त को खण्डार तहसील में प्रशिक्षण आयोजित होगा।