तस्वीर में सवाई माधोपुर पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी जेधराज, संतोष, अमन, धरम सिंह गुर्जर और पुलिसकर्मी रामभजन नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर में पुलिस थाना कोतवाली की टीम ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये के ईनामी वांछित साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया, अवैध बजरी परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया तथा रुपये इन्वेस्ट कर पैसे डबल करने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह और पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री राजेन्द्र मीना के निकटतम सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी श्री मदनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने की।

पहले मामले में दिनांक 20.04.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सवाई माधोपुर की साइबर सेल से साइबर फ्रॉड करने वाले मोबाइल नंबर की लोकेशन प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर पुलिस ने अल्फैज और जुनैद को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आरोपी अमन घटना के समय से ही फरार चल रहा था। फरार आरोपी अमन पर पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर द्वारा 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने उसे शहर सवाई माधोपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार आरोपी से अनुसंधान जारी है।

दूसरे मामले में दिनांक 05.08.2026 को साइबर शाखा सवाई माधोपुर से साइबर ठगी करने संबंधी प्राप्त मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर तलाश की गई। हाउसिंग बोर्ड हनुमान नगर के पास दो युवक खड़े मिले, जिन्हें डिटेन कर उनके मोबाइल फोन की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वे टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से अनजान ग्राहकों के व्हाट्सएप नंबरों पर ट्रेडिंग में रुपये इन्वेस्ट करने पर रकम डबल करने का झांसा देकर चैट शुरू करते थे। आरोपियों द्वारा ग्राहकों को रुपये इन्वेस्ट करने के लिए विभिन्न योजनाओं की सारणी भेजी जाती थी और पे एप्लीकेशनों के स्कैनर पर एडवांस राशि के नाम पर रुपये प्राप्त किए जाते थे। राशि मिलने के बाद जीएसटी और एक्स्ट्रा चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की जाती थी। ग्राहकों को इन्वेस्ट की गई राशि का प्रोफिट रिटर्न देने संबंधी संदेश भेजे जाते थे, लेकिन उनके संदेशों का कोई जवाब नहीं दिया जाता था। यदि कोई ग्राहक अधिक दबाव बनाता था तो उसे व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया जाता था। पुलिस के अनुसार इस प्रकार लोगों से साइबर फ्रॉड कर रुपये प्राप्त किए जाते थे। इस संबंध में प्रकरण संख्या 278/26 दर्ज किया गया है, जिसमें अनुसंधान जारी है।

तीसरे मामले में दिनांक 06.08.2026 को गश्त के दौरान रणथम्भौर रोड स्थित पवन आई हॉस्पिटल के पास जानकी नगर में एक बिना नंबर का लाल रंग का महिन्द्रा डीआई ट्रैक्टर ट्रॉली सहित आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकवाकर जांच की तो ट्रॉली में बनास नदी की बजरी भरी हुई मिली। चालक के पास बजरी परिवहन से संबंधित कोई रवन्ना नहीं था। इस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा प्रकरण संख्या 279/26 दर्ज किया। इस मामले में भी अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय अमन पुत्र रईश, जाति रंगरेज मुसलमान, निवासी गौसी मोहल्ला, थाना कोतवाली, जिला सवाई माधोपुर, जो ईनामी आरोपी है, 25 वर्षीय जोधराज पुत्र श्री सुरेश चन्द्र जागा, जाति जागा, निवासी पाड़ली, थाना कुण्डेरा, जिला सवाई माधोपुर, 32 वर्षीय संतोष पुत्र श्री बुद्धिप्रकाश जागा, जाति जागा, निवासी पाड़ली, थाना कुण्डेरा, जिला सवाई माधोपुर तथा 33 वर्षीय धरम सिंह गुर्जर उर्फ कालू पुत्र श्री कमल गुर्जर, जाति गुर्जर, निवासी तालडा, थाना खण्डार शामिल हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक श्री मदनलाल, उपनिरीक्षक श्री चन्द्रहुसैन, सहायक उपनिरीक्षक श्री हुकमसिंह, हेड कांस्टेबल श्री हम्बीर सिंह (एचसी 323), कांस्टेबल हेमंत (1402), कांस्टेबल श्री रामभजन (291), जिन्होंने मुख्य भूमिका निभाई, कांस्टेबल श्री विकास (1386), कांस्टेबल श्री विजेन्द्र (1651) तथा कांस्टेबल श्री शैतान (1185) शामिल रहे। पुलिस ने सभी मामलों में अनुसंधान जारी होने की पुष्टि की है।

Tags: