सवाई माधोपुर: ग्राम विकास रथ के संचालन को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित
जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने ग्राम विकास रथों की मॉनिटरिंग के लिए विधानसभा स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति की और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
सवाई माधोपुर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में ग्राम विकास रथ के सुचारु संचालन और मॉनिटरिंग के लिए आयोजित संगठनात्मक बैठक में उपस्थित पदाधिकारी।
राजस्थान सरकार द्वारा केंद्र एवं राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा रवाना किए गए "ग्राम विकास रथ" को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रथों की मॉनिटरिंग और संचालन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा भेजे गए विकास रथ प्रत्येक ग्राम पंचायत तक सुचारु रूप से पहुँचे, इसके लिए जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पंचायत स्तर पर सरकारी प्रतिनिधियों के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारी भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, जिससे योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।
बैठक में "ग्राम विकास रथ" की मॉनिटरिंग एवं सफल संचालन हेतु संगठनात्मक नियुक्तियां भी घोषित की गईं। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भरतलाल मथुरिया को जिला संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं विधानसभा स्तर पर खंडार विधानसभा के लिए हरिओम गर्ग, सवाई माधोपुर विधानसभा के लिए लालचंद गौतम, गंगापुर सिटी विधानसभा के लिए उदयसिंह गुर्जर तथा बामनवास विधानसभा के लिए जमनालाल वैष्णव को संयोजक बनाया गया है।
जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा 23, 24 और 25 मई को जयपुर में ग्राम एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन प्रदेश के हजारों किसान भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में किसानों को उनकी उपज दोगुनी करने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
बैठक के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर पर भी चर्चा की गई। यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 16 से 17 मई तक बौली स्थित जगत शिरोमणि सदन में आयोजित होगा, जिसमें भाजपा के लगभग 200 से अधिक अपेक्षित कार्यकर्ता भाग लेंगे।
जिला कार्यालय पर आयोजित इस बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेशचंद जैन, जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, हरिओम गर्ग, पंडित लालचंद गौतम, जिला कोषाध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल, पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मीणा, जिला प्रकोष्ठ संयोजक बलवीर सिंह राजावत, शहर मंडल अध्यक्ष कपिल जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोकराज मीणा, बजरिया मंडल अध्यक्ष रितेश भारद्वाज, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष बनवारी जाट, मंडल महामंत्री केशव शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक न केवल संगठनात्मक सक्रियता का संकेत है, बल्कि "ग्राम विकास रथ" के माध्यम से योजनाओं की जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।