गंगापुर सिटी से इंदरगढ़ बिजासन माता की तृतीया डाक ध्वज यात्रा रवाना
कर्मचारी कॉलोनी से शुरू हुई 44वीं मासिक पदयात्रा 24 सितंबर को बूंदी स्थिति माता के दरबार पहुंचेगी, जहां विशाल भंडारा और कन्या पूजन आयोजित होगा।
तस्वीर में गंगापुर सिटी की सड़क पर जुलूस के रूप में चलते श्रद्धालु दिख रहे हैं।
गंगापुर सिटी में मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में बुधवार को तृतीय डाक ध्वज यात्रा एवं 44वीं मासिक यात्रा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई। कर्मचारी कॉलोनी स्थित इंदरगढ़ दरबार से सुबह 9:00 बजे माता रानी को रथ पर विराजमान कर श्रद्धालु इंदरगढ़ माता के भवन, जिला बूंदी के लिए रवाना हुए। इस दौरान यात्री डीजे की धुन पर नाचते-झूमते और माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर भक्त देवी चरण गर्ग, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन सुरेश चंद सिंघल, रमेश चंद जीवद, वेद प्रकाश मंगल, रघुनंदन करौली, अशोक करौली, अनुराग, राहुल, योगेश, आकाश गर्ग, सत्यनारायण पटवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु यात्री पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
समिति महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि यात्रा मार्ग में सैनिक नगर, उदेई मोड़, बस स्टैंड, फव्वारा चौक, ट्रक यूनियन, ईदगाह, मिर्जापुर सहित दर्जनों स्थानों पर यात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को अल्पाहार भी कराया गया।
भक्त देवी चरण ने बताया कि 24 सितंबर को प्रातः 7:00 बजे इंदरगढ़ मोड़ से सभी श्रद्धालु यात्री जुलूस के रूप में माता के भवन पहुंचेंगे और ध्वज अर्पित करेंगे। इसके बाद बिजासन माता को भोग-प्रसादी लगाई जाएगी। प्रातः 9:00 बजे गंगापुर वालों की धर्मशाला में कन्याओं को भोजन कराया जाएगा और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।