निजीकरण, निगमीकरण और NPS के खिलाफ रेल कर्मचारियों से निर्णायक संघर्ष का आह्वान
गंगापुर सिटी में बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने निजीकरण, निगमीकरण और नई पेंशन स्कीम के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। नेताओं ने 148 कैटेगरी के रेल कर्मचारियों के हितों की रक्षा पर जोर दिया।
तस्वीर में गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता फूल मालाओं के साथ स्वागत करते हुए नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी में बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के दिवार्षिक अधिवेशन के दौरान निजीकरण, निगमीकरण एवं नई पेंशन स्कीम (NPS) के खिलाफ संघर्ष को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया। मजदूर संघ महामंत्री अशोक शर्मा, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची एवं मंडल सचिव अब्दुल खालिक के गंगापुर सिटी पहुंचने पर संघ कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
इसके बाद सीनियर सेक्शन इंजीनियर नॉर्थ ऑफिस में आयोजित गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए मजदूर संघ महामंत्री अशोक शर्मा ने कहा कि रेल कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निजीकरण, निगमीकरण तथा नई पेंशन स्कीम (NPS) के खिलाफ संघर्ष को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड पीएनएम में विगत तीन दिनों से लगातार रेल कर्मचारियों के हित एवं अधिकारों की रक्षा के लिए प्रयासरत थे। मजदूर संघ रेलवे की सभी 148 कैटेगरी के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत है।
अशोक शर्मा ने कहा कि संगठन का स्पष्ट मत है कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा को निजी हाथों में सौंपना देश, रेल यात्रियों और कर्मचारियों—तीनों के हित में नहीं है।
मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने कहा कि निजीकरण एवं निगमीकरण से रोजगार की सुरक्षा, कर्मचारियों के अधिकार तथा आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। रेलवे को मजबूत करने के लिए इसका विस्तार, आधुनिकीकरण और पर्याप्त सरकारी निवेश आवश्यक है, न कि निजीकरण।
मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची ने कहा कि नई पेंशन स्कीम (NPS) को लेकर कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से एकजुट होकर निजीकरण, निगमीकरण एवं नई पेंशन व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में कर्मचारियों के बीच व्यापक जनजागरण, बैठकें एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा, केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा, विजेंद्र सिंह मीणा, मुजाहत अली, शाखा अध्यक्ष आरडी मीणा, गिर्राज मीणा, विनोद कुमार, दीवान सिंह, अशोक मीणा, भंवर सिंह कठेरिया, महेश मीणा, राकेश मीणा, प्रेम राज मीणा, मनोज मीणा, राकेश मीणा, समर सिंह मीणा, राम नरेश मीणा, इमरान खान सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी मौजूद थे।