गंगापुर सिटी: नामांकन बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेक्टर मीटिंग आयोजित

अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हनुमान गोयल ने नामांकन वृद्धि और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।

Update: 2026-05-11 11:59 GMT

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी के डी ब्लॉक में आयोजित सेक्टर मीटिंग के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अधिकारी।

विद्यालयों में लक्ष्य के अनुरूप नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हनुमान गोयल ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी के डी ब्लॉक (कैलाश टॉकीज के सामने स्थित) में चल रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेक्टर मीटिंग में आंगनबाड़ियों को संबोधित किया।

इस दौरान महिला सुपरवाइजर गीता सिंह द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह सेक्टर मीटिंग होती है, जिसमें समस्त योजनाओं की जानकारी दी जाती है। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नामांकित सभी बच्चों को सरकारी विद्यालयों में जोड़ने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए तथा ऑनलाइन प्रवेश में किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर उसे दूर करने हेतु भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

डी ब्लॉक स्थित बाल वाटिका में बच्चों के लिए लगाए गए खेल खिलौने, मिकी माउस एवं अन्य आकर्षक एबीएल कक्ष का भी सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अवलोकन कराया गया, जिससे वे छोटे-छोटे बच्चों को इस कक्ष में लाकर विद्यालय आने हेतु प्रेरित कर सकें।

बैठक में लाडो योजना के तहत पीसीटीएस आईडी (प्रेगनेंसी चाइल्ड ट्रैकिंग एंड हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट सिस्टम) को अपडेट करने हेतु सभी विद्यालयों को सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चियों के माता-पिता को योजना का पूर्ण लाभ मिल सके। इसे सरकार की फ्लैगशिप योजना बताते हुए 100 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का यह डी ब्लॉक पूर्व में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 के नाम से जाना जाता था तथा यह गंगापुर सिटी का सबसे पुराना विद्यालय है। यह अंग्रेजों के समय का पहला विद्यालय रहा है, जो वर्नाकुलर विद्यालय के नाम से जाना जाता था। बैठक में विद्यालय के इतिहास एवं गौरव के बारे में भी जानकारी दी गई।

कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को दिए जा रहे दूध पाउडर पैकेट एवं मिड डे मील का अवलोकन भी किया गया। गर्मियों में लू से बचाव, ग्रीष्मावकाश के दौरान एमडीएम एवं विद्यालय संसाधनों को सुरक्षित रखने, परिसर में किसी प्रकार के पक्षी या जीव-जंतु न रहें, बिजली एवं लाइट बंद रखने तथा वर्षा होने पर सामग्री सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही पाइप आदि खुले रहने जैसी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

हाउसहोल्ड सर्वे के अंतर्गत प्रवेश योग्य सभी बच्चों का शाला दर्पण पर ऑनलाइन प्रवेश सुनिश्चित करने हेतु स्टाफ बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही आगामी 16 मई 2026 शनिवार को होने वाली मेगा पेटीएम में बाल वाटिका कक्ष, बच्चों की शैक्षिक प्रगति एवं सरकार द्वारा दी जा रही समस्त योजनाओं के बारे में सभी अभिभावकों को अवगत कराने हेतु भी निर्देशित किया गया।

यह संपूर्ण बैठक विद्यालयों में नामांकन वृद्धि, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बाल शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Similar News