तस्वीर में बायीं से दाईं ओर ग्रामीण, विद्यालय संचालक और अध्यापक लाखनपुर में नकदी सौंपने के बाद खड़े दिखाई दे रहे हैं।

बौंली/मित्रपुरा तहसील क्षेत्र के चार अध्यापकों ने सड़क पर मिली 1 लाख रुपये की नकदी उसके असली मालिक को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। चारों अध्यापक मोटरसाइकिल से बौंली जा रहे थे, इसी दौरान लाखनपुर में शिवालय के पास उन्हें सड़क पर एक थैली मिली।

ग्राम पंचायत लाखनपुर निवासी द्वितीय श्रेणी अध्यापक मुकेश कुमार गुर्जर राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुगदोद में कार्यरत हैं। उनके साथ लक्ष्मण गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर और जीतराम गुर्जर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुआं गांव में अध्यापक हैं।

लाखनपुर में मिली थैली की जांच करने पर उसमें 500-500 रुपये के नोटों की दो गड्डियां मिलीं। थैली में कक्षा 10वीं बोर्ड का एक चालान भी था। चालान के माध्यम से अध्यापकों को पता चला कि यह राशि विश्व भारती विद्यालय मित्रपुरा के संचालक श्योजीराम माली की थी।

जानकारी के अनुसार, श्योजीराम माली बौंली बैंक में चालान जमा करवाने और किसी को पैसे देने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान लाखनपुर में उनकी थैली सड़क पर गिर गई थी।

अध्यापकों ने किसी माध्यम से विद्यालय संचालक का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और उनसे संपर्क कर उन्हें लाखनपुर बुलाया। इसके बाद ग्रामीण श्रीराम गुर्जर, गिर्राज माली और सूरजमल वैष्णव की मौजूदगी में चारों अध्यापकों ने पूरी 1 लाख रुपये की राशि विद्यालय संचालक श्योजीराम माली को लौटा दी।

राशि वापस मिलने पर विद्यालय संचालक श्योजीराम माली ने सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। चारों अध्यापकों द्वारा नकदी उसके असली मालिक को लौटाए जाने की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Tags: